Jamshedpur News : जमशेदपुर के जुगसलाई के चौक बाजार इलाके में मंगलवार रात फायरिंग किये जाने की खबर है. फायरिंग होते ही वहां अफरा-तफरी मच गयी. एक स्कूटी को टक्कर मारने के बाद बाइक सवार दो युवकों पर फायरिंग करने का आरोप लगा है.
बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवकों ने एक युवक को निशाना बनाकर गोली चलाई, हालांकि वह बाल-बाल बच गया. पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल से अब तक गोली का कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है. ऐसे में पुलिस ने फायरिंग की घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
जानकारी के मुताबिक उज्ज्वल ठाकुर जुगसलाई चौक बाजार में बैंक ऑफ बड़ौदा के पास बैठे थे. इसी दौरान उनके छात्र शुभम ठाकुर स्कूटी से वहां पहुंचे. उज्ज्वल को देखते ही शुभम ने अपनी स्कूटी रोक दी और दोनों आपस में बातचीत करने लगे.
इसी बीच स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उन्होंने शुभम की खड़ी स्कूटी में टक्कर मार दी. टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार तेजी से वहां से निकलने लगे. शुभम ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया. पीछा करते हुए शुभम जुगसलाई ग्वाला पट्टी टर्निंग के पास पहुंच गया.
आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने शुभम की ओर गोली चला दी. हालांकि पुलिस को मौके से कोई खोखा नहीं मिला है. इसलिए पुलिस इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रही है.
घटना के बाद दोनों युवक बाइक से मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर जुगसलाई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े युवकों से भी जानकारी जुटा रही है. साथ ही फरार बाइक सवारों की पहचान और तलाश की जा रही है.फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि वास्तव में फायरिंग हुई थी या नहीं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

