Search

 
 
 

पटना : सांसद वीणा देवी व एमएलसी दिनेश सिंह को चुनाव आयोग का नोटिस

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के दावों के बाद चुनाव आयोग ने सांसद वीणा देवी और एमएलसी दिनेश प्रसाद सिंह को नोटिस भेजा है.
 

Patna : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के दावों के बाद चुनाव आयोग ने सांसद वीणा देवी और एमएलसी दिनेश प्रसाद सिंह को नोटिस भेजा है. चुनाव आयोग ने वीणा देवी और दिनेश प्रसाद सिंह से 16 अगस्त तक 'दोहरी वोटर आईडी' को लेकर जवाब मांगा है.

 

चुनाव आयोग ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास पासवान) की सांसद वीणा देवी को भेजे नोटिस में लिखा कि आपका नाम विशेष गहन पुनरीक्षण, 2025 के दौरान प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में दो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में दो अलग-अलग ईपिक कार्ड के साथ अंकित है. इस संबंध में 16 अगस्त शाम 5 बजे तक निश्चित रूप से अपना जवाब दें.

 

इससे पहले, तेजस्वी यादव ने मतदाता सूची के हवाले से खुलासा किया कि वीणा देवी का नाम 98-साहेबगंज विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के बूथ नंबर 325 (ईपिक आईडी- यूटीओ1134543) और 94-मुजफ्फरपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के बूथ नंबर 371 (ईपिक आईडी- जीएसबी1037894) पर दर्ज है.

 

इसी तरह, चुनाव आयोग ने सांसद वीणा देवी के पति और जदयू के एमएलसी दिनेश प्रसाद सिंह से दोहरी वोटर आईडी को लेकर जवाब मांगा है. तेजस्वी यादव ने दावा किया कि इनके (दिनेश प्रसाद सिंह) दो अलग-अलग लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में दो अलग-अलग वोटर आईडी नंबर हैं.

 

वीणा देवी और दिनेश प्रसाद सिंह की दोहरी वोटर आईडी का खुलासा करते हुए तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि क्या मुख्यमंत्री (नीतीश कुमार) के खास होने के कारण चुनाव आयोग ने इनके (दिनेश प्रसाद सिंह) दो वोट बनने दिए? ये वैशाली सांसद वीणा देवी के पति हैं. इनकी सांसद पत्नी के भी दो वोट और दो ईपिक आईडी हैं.

 

उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि क्या यह चुनाव आयोग की तरफ से एनडीए को जिताने के लिए की गई चुनावी धांधली नहीं है? क्या चुनाव आयोग एसआईआर में की जा रही अपनी गड़बड़ियों और गलतियों को स्वीकार करेगा?

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही