Patna News : पटना के बाढ़ अनुमंडल में शनिवार को हुए सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. यह घटना पंडारक थाना क्षेत्र के सरहन डैम के पास की है. फोरलेन पर तेज रफ्तार हाइवा और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
इसे भी पढ़ें...
जानकारी के अनुसार, कैमूर निवासी तीन युवक अपने दोस्त की जन्मदिन की पार्टी के लिए खगड़िया गए थे. वहां से वापस लौटने के दौरान सरहन डैम के समीप उनकी बाइक एक हाइवा की चपेट में आ गई. बताया जा रहा है कि हाइवा अचानक तेज रफ्तार में मुड़ा. इससे बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे भारी वाहन से टकराकर उसके नीचे जा घुसी.
हादसा इतना अचानक हुआ कि उनको संभलने का मौका नहीं मिला. दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, तीसरा युवक हाइवा के नीचे फंस गया. हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया. उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग उनकी मदद को भागे.
घटना की सूचना पंडारक थाना पुलिस को दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य पूरा कराया. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने काफी मशक्कत के गाड़ी के नीचे फंसे युवक को बाहर निकाला. इसके बाद उसे तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, बाढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया.
दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

