Search

PM मोदी ने बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ को फोन किया, हिंसा पर जताई चिंता

राज्यसभा सांसद स्वप्न दासगुप्ता ने ट्वीट कर राज्य के मुख्य न्यायाधीश से हिंसक घटनाओं का स्वत: संज्ञान लेने की अपील की

NewDelhi : पीएम नरेंद्र मोदी ने चुनाव बाद पश्चिम बंगाल में शुरू हुई हिंसा पर चिंता जताई है.  बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने जानकारी दी है कि पीएम मोदी ने उनसे फोन पर बात कर राज्य में फैली हिंसा को लेकर चिंता जताई थी. श्री धनखड़ ने कहा, पीएम नरेंद्र मोदी ने कॉल किया था और कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर गहरी चिंता और नाराजगी व्यक्ति की. मैंने भी इस पर चिंता जताई और बताया कि राज्य में तोड़फोड़, लूट और हत्याओं का दौर लगातार जारी है. राज्य में कानून व्यवस्था को संभालने के लिए तत्काल एक्शन लिये जाने की जरूरत है.

 

भाजपा 5 मई को देशव्यापी धरना देगी

बता दें कि  भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और महासचिव भूपेंद्र यादव  बंगाल पहुंच गये  हैं. भाजपा बंगाल में कार्यकर्ताओं के खिलाफ जारी हिंसा के विरोध में 5 मई को देशव्यापी धरना देगी. भाजपा ने  ट्वीट किया है, बंगाल में नतीजों के बाद टीएमसी के कार्यकर्ताओं की ओर से जारी भीषण हिंसा के विरोध में भाजपा ने देशव्यापी धरने का ऐलान किया है. यह भाजपा की ओर से मंडल स्तर पर किया जायेगा, कहा गया है कि धरने के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जायेगा.

यह लोकतंत्र की हत्या करने जैसा है

जेपी नड्डा और भूपेंद्र यादव  राज्य में राजनीतिक हिंसा में मारे गये भाजपा कार्यकर्ताओं के परिजनों से मुलाकात करेंगे. इससे पहले भाजपा की ओर से हिंसा पर चिंता जताते हुए कहा गया था कि यह लोकतंत्र की हत्या करने जैसा है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद स्वप्न दासगुप्ता ने इस बीच ट्वीट कर राज्य के मुख्य न्यायाधीश से हिंसक घटनाओं का स्वत: संज्ञान लेने की अपील की है और कहा है कि उन्हें प्रशासन को आदेश देना चाहिए कि हिंसा पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाये.

जीने के अधिकारों की रक्षा करना सरकार का काम : ओवैसी  

 एआईएमआईएम के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने भी हिंसा को लेकर टीएमसी पर निशाना साधा है.  ओवैसी ने कहा, जीने का अधिकार मूलभूत अधिकार है. यह किसी भी सरकार का पहला कर्तव्य है कि वह लोगों की जान बचाये. यदि सरकार ऐसा नहीं करती है तो फिर वह अपनी ड्यूटी में फेल है. हम किसी भी सरकार की असफलता की आलोचना करते हैं. भले ही वह देश के किसी भी हिस्से या राज्य की सरकार हो.

 बंगाल के हालात पर यकीन नहीं किया जा सकता

 मीडिया से बात करते हुए पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि बंगाल में जो हालात हैं, वैसे भारत के चुनावी इतिहास में कभी नहीं रहे. उन्होंने कहा, बंगाल के हालात पर यकीन नहीं किया जा सकता. हमने भारत के चुनावी इतिहास में कभी ऐसा नहीं देखा. बंगाल जल रहा है.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//