NewDelhi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2019 में पुलवामा हमले में शहीद 40 सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि दी. पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा कि 2019 में आज ही के दिन पुलवामा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि.
आगे लिखा कि राष्ट्र के प्रति उनकी निष्ठा, दृढ़ संकल्प और सेवा हमारे सामूहिक मन में हमेशा के लिए अंकित रहेगी. प्रत्येक भारतीय उनके अदम्य साहस से प्रेरणा लेता है.
Remembering the brave heroes who laid down their lives in Pulwama on this day in 2019. Their devotion, resolve and service to the nation remain forever etched in our collective consciousness. Every Indian draws strength from their enduring courage.
— Narendra Modi (@narendramodi) February 14, 2026
जवानों के समर्पण व बलिदान का देश सदैव ऋणी रहेगा : शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने भी पुलवामा में शहीद हुए बहादुर जवानों को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि पुलवामा आतंकी हमले में शहीद होने वाले हमारे वीर जवानों के शौर्य का स्मरण कर उन्हें नमन.
आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है और भारत इसके समूल नाश के लिए दृढ़ संकल्पित है. आतंकवाद का सामना करने वाले हमारे सुरक्षा बलों व सुरक्षा एजेंसियों के साहस, समर्पण और बलिदान का देश सदैव ऋणी रहेगा.
गड़करी, राहुल, प्रियंका ने भी शहीद जवानों को किया याद
नितिन गड़करी ने लिखा कि 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद मां भारती के वीर जवानों और उनके शौर्य व बलिदान को कोटि-कोटि नमन.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा कि पुलवामा में 2019 के दुस्साहसी आतंकी हमले में शहीद हुए हमारे वीर जवानों को मेरी भावपूर्ण श्रद्धांजलि. भारत माता की रक्षा में उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए देश सदैव उनका ऋणी रहेगा.
सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने लिखा कि पुलवामा आतंकी हमले में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को सादर नमन व भावपूर्ण श्रद्धांजलि. हम सब अपने शहीदों और उनके परिवारजनों के सदैव ऋणी रहेंगे. हमारे जांबाज सैनिकों का साहस, समर्पण, सेवा और शहादत हम सबके लिए अनुकरणीय है. जय हिंद!
पुलवामा हमले के शहीद जवानों के लिए पुष्पांजलि समारोह
पुलवामा के लेथपोरा में भी पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए 40 सीआरपीएफ जवानों को याद कर पुष्पांजलि समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर सीआरपीएफ, नागरिक प्रशासन और सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए और शहीद जवानों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
#WATCH | J&K: A wreath-laying ceremony held at Lethpora in Pulwama, paying tribute to 40 CRPF personnel who lost their lives in 2019 Pulwama terror attack. Senior officials of the CRPF, civil administration, and security forces paid tributes to the jawans. pic.twitter.com/hhyg4moyaN
— ANI (@ANI) February 14, 2026
पुलवामा हमले में 40 जवान हुए थे शहीद
आज ही के दिन, 14 फरवरी 2019 को, जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में जैश-ए-मोहम्मद के आत्मघाती हमलावर आदिल अहमद डार ने सुरक्षाबलों को ले जा रही एक बस में आईईडी से लदी गाड़ी से टक्कर मारी थी. इस घातक हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गये थे.
उस दिन सीआरपीएफ के काफिले में 78 बसें थीं, जिनमें लगभग 2500 सैनिक जम्मू से श्रीनगर जा रहे थे. हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी.
हमले के 12 दिन बाद भारत ने पाक से लिया था बदला
हमले के केवल 12 दिनों बाद 26 फरवरी 2019 को भारत ने अपने शहीद जवानों का बदला लेने के लिए पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक की थी. भारतीय वायु सेना ने बालाकोट स्थित जैश कैंप पर हमला किया था.
उस रात मिराज 2000 विमान ग्वालियर से उड़ान भरकर पाकिस्तानी सीमा में दाखिल हुए और सुबह करीब तीन बजे बालाकोट में बम बरसाना शुरू किया. इस दौरान पाकिस्तान के एफ16 विमान सक्रिय हो गये.
लेकिन तब तक भारतीय वायुसेना अपना मिशन पूरा कर चुकी थी. इस हमले में सैकड़ों आतंकियों के मारे जाने का दावा किया गया था.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें



Leave a Comment