Bokaro News: जरीडीह थाना क्षेत्र के गायछंदा गांव में गणपति विसर्जन जुलूस के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. घटना बुधवार शाम करीब सात बजे गायछंदा के मस्जिद मोड़ के समीप हुई थी. मामले में पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार विकर्मा के लिखित आवेदन पर 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
इसे भी पढ़ें:
दर्ज शिकायत के अनुसार, पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार विकर्मा, एसआई मथियस जोन मुर्मू और आरक्षी 1302 राजेश कुमार गणपति विसर्जन जुलूस में ड्यूटी पर तैनात थे. जुलूस जब मस्जिद मोड़ के पास पहुंचा, तभी कुछ युवक कथित तौर पर जुलूस को मस्जिद की ओर ले जाने की मांग करने लगे. पुलिस के अनुसार, युवकों को निर्धारित मार्ग से ही जुलूस ले जाने और किसी अप्रिय घटना की आशंका को लेकर समझाने का प्रयास किया गया.
आरोप है कि समझाने के दौरान युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और पुलिस को रोकने पर मारपीट की धमकी दी. इसके बाद भीड़ में मौजूद संतोष सिंह ने कथित तौर पर अन्य युवकों को पुलिसकर्मियों पर हमला करने के लिए उकसाया. आरोप के मुताबिक, इसके बाद पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई.
शिकायत में बताया गया है कि राहुल सिंह ने पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार विकर्मा का कॉलर पकड़कर मुक्का मारा, जबकि अबोध दास ने पीछे से उनकी वर्दी पकड़कर उन्हें घसीटा और मारपीट की. इस दौरान उनकी वर्दी का नेम प्लेट और स्टार प्लेट भी क्षतिग्रस्त होने की बात कही गई है. पुलिसकर्मी के अनुसार, बाद में अन्य ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया.
इसी दौरान उनके साथ ड्यूटी पर तैनात एसआई मथियस जोन मुर्मू और आरक्षी राजेश कुमार के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है. पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोप है कि एक युवक ने बड़ा पत्थर उठाकर विकास कुमार विकर्मा पर हमला करने का प्रयास किया. पुलिसकर्मी के हट जाने से वह हमले से बच गए. इसके बाद ग्रामीणों और मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया.
पुलिस के अनुसार, अतिरिक्त बल पहुंचने पर आरोपी युवक वहां से भागने लगे. आरोप है कि भागते समय भी पुलिसकर्मियों को धमकी दी गई और उनकी ओर पत्थर भी फेंके गए. घटना के बाद मौके पर स्थिति शांत कराई गई.
पुलिस ने ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर संतोष सिंह, राहुल सिंह, अबोध दास, अनन्त दास, पप्पु गोसाई, राजेन्द्र सिंह, सुनील गोसाई, सुजीत दास, विष्णु झा, शिवशंकर दास, मुकेश गोसाई और परमेश्वर बेसरा को नामजद आरोपी बनाया है. सभी गायछंदा गांव के रहने वाले बताए गए हैं.
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आवेदन में आरोपियों के खिलाफ पुलिसकर्मियों से मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा, धमकी, पथराव और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई का अनुरोध किया गया है. पुलिस मामले में घटना के वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर सकती है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

