Search

 
 
 

Jamtara News: पुलिस ने 34 वांटेड अपराधियों को दबोचा, सितंबर में 226 वारंटों का हुआ निष्पादन

Jamtara News: दुर्गापूजा-2026 को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी थाना प्रभारियों को क्षेत्र में लगातार गश्ती करने, संवेदनशील स्थानों की पहचान करने और पूजा समितियों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया गया.
 
बैठक करते एसपी

Jamtara News: जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को लेकर जामताड़ा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. सोमवार को पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई. बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे. इस दौरान लंबित मामलों, अपराध नियंत्रण और आगामी दुर्गापूजा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई.

 

बैठक में बताया गया कि सितंबर 2026 में जिले में कुल 226 वारंटों का निष्पादन किया गया, जबकि विभिन्न कांडों में वांछित 34 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. एसपी ने थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाने तथा स्थायी वारंट समेत अन्य वारंटों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया.

इसे भी पढ़ें: 

एसपी ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और नए दर्ज मामलों में समयबद्ध कार्रवाई पर विशेष जोर दिया. गंभीर प्रवृत्ति के अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा जेल से बाहर आए अपराधियों का सत्यापन करने का भी निर्देश दिया गया.

 

बैठक में साइबर अपराध को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए. जिले में साइबर ठगी से जुड़े अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने, सूचना एकत्र करने और लगातार छापेमारी अभियान चलाने पर जोर दिया गया. एसपी ने साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ उनके नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

 

दुर्गापूजा-2026 को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी थाना प्रभारियों को क्षेत्र में लगातार गश्ती करने, संवेदनशील स्थानों की पहचान करने और पूजा समितियों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया गया. पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ाने के साथ बैंक, एटीएम, ज्वेलरी दुकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया.

 

इसके अलावा थाना क्षेत्र में समय और स्थान बदलकर नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर कार्रवाई करने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया.

 

एसपी ने आम लोगों के बीच साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा, महिला अपराध, बाल विवाह, डायन बिसाही जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए थाना एवं अनुमंडल स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया. बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही