इसे भी पढ़ें:
Shambhu Kumar
Chaibasa: धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित अभद्र व्यवहार के मामले को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन की पश्चिमी सिंहभूम शाखा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. चाईबासा में प्रेस वार्ता कर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने डुमरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक जयराम कुमार महतो के कथित व्यवहार की निंदा की और केंद्रीय पुलिस एसोसिएशन के लिए गए निर्णय का समर्थन किया.
प्रेस वार्ता के दौरान पश्चिमी सिंहभूम शाखा के अध्यक्ष विक्रांत मुंडा ने कहा कि बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित रूप से फोन पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी देने की घटना सामने आई है. इसके बाद थाना परिसर में पहुंचकर भी पुलिस पदाधिकारी के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने की बात कही गई है.
उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर संगठन एकजुट है और केंद्रीय पुलिस एसोसिएशन के निर्णय का पालन किया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर बरवाअड्डा थाना में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है. वहीं एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस पदाधिकारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं. ऐसे में किसी जनप्रतिनिधि द्वारा पुलिस पदाधिकारी के साथ कथित रूप से अपमानजनक व्यवहार किया जाना स्वीकार्य नहीं है.
एसोसिएशन ने पुलिस पदाधिकारियों की गरिमा और सम्मान बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर देते हुए मामले में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की. साथ ही प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से पुलिस संगठन एवं पुलिसकर्मियों के खिलाफ की जा रही कथित बयानबाजी पर भी आपत्ति जताई. इस मौके पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कमलेश कुमार,संयुक्त सचिव श्रीकांत कुमार के अलावे एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

