NewDelhi : राजनीतिक गलियारों में केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चा जारी है. सूत्रों के अनुसार 28- 29 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मंत्रिमंडल में बदलाव करने जा रहे है, कई मंत्रियों की छुट्टी होने की बात कही जा रही है. कई के विभाग बदले जा सकते हैं.
अहम खबर यह है कि पूर्व RBI गवर्नर शक्तिकांत दास(69) को वित्त मंत्री बनाया जा सकता है. वर्तमान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन को मानव संसाधन विभाग सौंपा जा सकता है.
तमिलनाडु कैडर के आईएएस अधिकारी शक्तिकांत दास वर्तमान में पीएम मोदी के प्रधान सचिव है.अगर शक्तिकांत दास को वित्त मंत्री बनाया जाता है तो वे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सीडी देशमुख की कतार में आ जायेंगे.
भारत के इतिहास में अब तक दो पूर्व आरबीआई गर्वनर देश के वित्त मंत्री बने हैं. सीडी देशमुख आरबीआई के पहले भारतीय गवर्नर (1943–1949) थे. बाद में पीएम नेहरू के कार्यकाल में 1950 से 1956 तक देश के वित्त मंत्री रहे थे.
डॉ मनमोहन सिंह 1982 से 1985 तक आरबीआई के गवर्नर थे. इसके बाद में वे 1991 से 1996 तक भारत के वित्त मंत्री और 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री पद पर रहे.
शक्तिकांत दास की बात करें तो वे 25वें आरबीआई गवर्नर थे. शक्तिकांत दास के कार्यकाल में उन्हें वैश्विक स्तर पर 'A+' रेटिंग मिली है. हालांकि अभी शक्तिकांत दास संसद के किसी भी सदन के सदस्य नहीं है. चर्चा है कि वित्त मंत्री बनाये जाने पर उन्हें राज्यसभा भेजा जायेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment