Jamtara News: अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय अनुमोदन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने की.
बैठक में समिति ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के 52,675 प्री-मैट्रिक छात्र-छात्राओं, सत्र 2025-26 के शेष 1,404 विद्यार्थियों तथा पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत सत्र 2025-26 में राज्य के अंदर के विभिन्न 32 संस्थानों में अध्ययनरत 7,270 छात्र-छात्राओं के आवेदनों की समीक्षा की.
इसे भी पढ़ें:
पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देश के आलोक में किए गए रैंडम जांच प्रतिवेदन और निर्धारित प्रक्रियाओं का अवलोकन करने के बाद समिति ने सभी योग्य छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति भुगतान की सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की.
उपायुक्त आलोक कुमार ने संबंधित अधिकारियों को शेष विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया एवं सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि योग्य बच्चों को छात्रवृत्ति का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी पात्र विद्यार्थी को योजना के लाभ से वंचित नहीं होना पड़े.
प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को 1,500 रुपये, कक्षा 6 से 8 तक 2,500 रुपये तथा कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों को 4,500 रुपये छात्रवृत्ति दी जाती है. वहीं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति विभागीय प्रावधान के अनुसार अलग-अलग श्रेणियों में प्रदान की जाती है.
बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी संतोष कुमार घोष समेत प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

