Ranchi News : झारखंड में 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता (SGFI) सत्र 2026-27 के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं. इस सत्र में झारखंड को सात खेल विधाओं के तहत आठ राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी का अवसर मिला है. इन प्रतियोगिताओं में देशभर से 5,000 से अधिक खिलाड़ियों के शामिल होने का अनुमान है.
इसे भी पढ़ें...
इसी सिलसिले में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) के कॉन्फ्रेंस हॉल में विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई. बैठक राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग के नेतृत्व में हुई.
बैठक में प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. इसमें आयोजन स्थलों, आधारभूत संरचनाओं, खेल उपकरणों की उपलब्धता, तकनीकी अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति और स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर विचार-विमर्श हुआ. इसके अलावा विभिन्न खेल संघों की भूमिका और जिम्मेदारियां भी तय करने पर चर्चा की गई.
इन खेलों की होगी मेजबानी
झारखंड में आयोजित होने वाली आठ राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में ताइक्वांडो अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग की प्रतियोगिता 26 से 30 नवंबर 2026 तक होगी. फुटबॉल अंडर-14 बालिका वर्ग का आयोजन 11 से 15 दिसंबर और अंडर-17 बालिका वर्ग का आयोजन 18 से 22 दिसंबर तक किया जाएगा.
वहीं, वुशु अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग की प्रतियोगिता 7 से 10 जनवरी 2027 तक होगी. इसी तारीख को साइक्लिंग की अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग की प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी.
बास्केटबॉल अंडर-19 बालिका वर्ग की प्रतियोगिता 13 से 16 जनवरी और योगासन अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग की प्रतियोगिता 13 से 15 जनवरी तक होगी. इसके अलावा हॉकी अंडर-17 बालक वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता 28 से 31 जनवरी 2027 तक आयोजित की जाएगी.
राष्ट्रीय विद्यालय खेलों में झारखंड ने जीते 266 पदक
बैठक में सत्र 2022-23 से 2025-26 तक राष्ट्रीय विद्यालय खेलों में झारखंड के प्रदर्शन की जानकारी भी साझा की गई. इस अवधि में राज्य के खिलाड़ियों ने कुल 266 पदक अपने नाम किए हैं. इनमें 77 स्वर्ण, 85 रजत और 104 कांस्य पदक शामिल हैं.
बैठक में झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन सह झारखंड वुशु एसोसिएशन के शिवेंद्र नाथ दुबे, झारखंड ताइक्वांडो एसोसिएशन के मिथलेश कुमार, झारखंड योग एसोसिएशन के आदित्य कुमार सिंह, झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के आशीष बोस और झारखंड साइक्लिंग एसोसिएशन के सुरजीत कुमार शामिल हुए.
हॉकी झारखंड से अभिषेक कुमार साहू, दीपक मारथो, सुशी बनर्जी, रजनी बख्शी, प्रदीप कुमार और सुभाष प्रसाद सहित खेल कोषांग के कई पदाधिकारी एवं कर्मचारी बैठक में उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

