Ranchi News: झारखंड में क्लिनिकल संस्थानों के पंजीकरण और नियमन की व्यवस्था में बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने इसके लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है. इस संबंध में विभाग ने 1 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी किया है.
समिति की अध्यक्षता स्वास्थ्य विभाग की विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा करेंगी. समिति में अपर सचिव शशि प्रकाश सिंह, निदेशक प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. सिद्धार्थ सान्याल, संयुक्त सचिव अनुज कुमार प्रसाद और केपीएमजी के एक प्रतिनिधि को शामिल किया गया है. अनुज कुमार प्रसाद को समिति का सदस्य सचिव बनाया गया है. केपीएमजी के प्रतिनिधि को विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है.
इसे भी पढ़ें:
समिति को एक सप्ताह के अंदर झारखंड राज्य क्लिनिकल संस्थान (पंजीकरण एवं विनियमन) नियमावली, 2013 और राज्य क्लिनिकल संस्थान परिषद की अधिसूचना में जरूरी बदलाव को लेकर प्रस्ताव और प्रारूप तैयार करना है. इसके बाद समिति अपनी अनुशंसा विभाग को सौंपेगी.
समिति विभिन्न संगठनों से भी सुझाव लेगी. इसके लिए संबंधित संगठनों के साथ बैठक कर उनकी राय और सुझाव लिए जाएंगे. इसके अलावा क्लिनिकल संस्थानों के पंजीकरण और नियमन की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी.
विभाग के अनुसार ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से क्लिनिकल संस्थानों के पंजीकरण, नियमन और निगरानी की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी. इससे पूरी प्रक्रिया को डिजिटल तरीके से संचालित किया जा सकेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

