Ranchi News : राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) के मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. डी. के. झा सेवानिवृत्त हो गए. इस मौके पर रिम्स प्रबंधन और मेडिसिन विभाग की ओर से विदाई समारोह आयोजित किया गया. इसमें डॉक्टरों, शिक्षकों, रेजिडेंट डॉक्टरों और कर्मचारियों ने उनके साथ काम करने के अनुभव साझा किए.
रिम्स निदेशक प्रो. डॉ. डी. के. सिन्हा ने प्रो. डॉ. झा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने चिकित्सा सेवा, पढ़ाने और विभाग की जिम्मेदारियों को निभाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होंने प्रो. डॉ. झा के स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की.

प्रो. डॉ. डी. के. झा को शॉल ओढ़ाकर किया गया सम्मानित
डीन प्रो. डॉ. राजीव मिश्रा ने कहा कि किसी मेडिकल संस्थान की पहचान वहां काम करने वाले डॉक्टरों और शिक्षकों के योगदान से होती है. उन्होंने कहा कि प्रो. डॉ. झा ने मरीजों के इलाज के साथ मेडिकल छात्रों और युवा डॉक्टरों का भी मार्गदर्शन किया.
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हीरेंद्र बिरुआ ने कहा कि प्रो. डॉ. झा ने अपने कार्यकाल में मरीजों की सेवा और विभागीय जिम्मेदारियों को अच्छी तरह निभाया. उनके अनुभव से विभाग के डॉक्टरों और रेजिडेंट्स को काफी सीखने का मौका मिला. अन्य डॉक्टरों और फैकल्टी सदस्यों ने भी प्रो. डॉ. झा के सरल व्यवहार, चिकित्सा अनुभव और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता को याद किया.
इसे भी पढ़ें
प्रो. डॉ. डी. के. झा ने रिम्स प्रबंधन, सहकर्मियों, डॉक्टरों, रेजिडेंट्स और कर्मचारियों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि रिम्स में काम करना उनके पेशेवर जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है. उन्होंने संस्थान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
कार्यक्रम के अंत में रिम्स प्रबंधन और मेडिसिन विभाग की ओर से प्रो. डॉ. डी. के. झा को सम्मानित किया गया. समारोह में रिम्स के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ डॉक्टर, फैकल्टी सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर और कर्मचारी मौजूद रहे.

