Dhanbad News: बारामुड़ी खटाल को हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में धनबाद में आंदोलन की तपिश बढ़ने वाली है. खटाल में रह रहे परिवारों के विस्थापन और रोजगार पर संकट के मुद्दे को लेकर यादव महासभा एवं संयुक्त मोर्चा ने बड़े आंदोलन की तैयारी की है. इस आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर आवाज देने के लिए बिहार के पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव 4 नवंबर को धनबाद पहुंचेंगे. वह खटाल बचाओ-गरीब बचाओ आंदोलन के तहत आयोजित आक्रोश रैली में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे.
इसे भी पढ़ें:
आक्रोश रैली बुधवार सुबह 11 बजे बिनोद बिहारी चौक से शुरू होगी. यहां से रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए मेमको मोड़ पहुंचेगी, जहां यह जनसभा में तब्दील हो जाएगी. आयोजकों ने रैली में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी का दावा किया है.
इस संबंध में मंगलवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश यादव महासभा झारखंड की धनबाद जिला कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि 4 नवंबर की रैली ऐतिहासिक होगी. उन्होंने कहा कि बारामुड़ी खटाल में रहने वाले परिवारों का जीवन और रोजगार इसी जगह से जुड़ा हुआ है. वर्ष 2005 में तत्कालीन उपायुक्त की पहल पर इन लोगों को यहां बसाया गया था. ऐसे में करीब 20-22 वर्षों तक रहने के बाद अब उन्हें हटाने की कार्रवाई क्यों की जा रही है, जिला प्रशासन को इसका स्पष्ट जवाब देना चाहिए.
पदाधिकारियों ने कहा कि यह मामला केवल जमीन खाली कराने का नहीं बल्कि सैकड़ों गरीब परिवारों के आशियाने, रोजी-रोटी और भविष्य से जुड़ा है. प्रशासन को कार्रवाई से पहले प्रभावित परिवारों के हितों और उनके पुनर्वास पर गंभीरता से विचार करना चाहिए. उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

