Simdega: हॉकी की नर्सरी कहे जाने वाले सिमडेगा की बेटियों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. जापान में आयोजित अंडर-18 महिला एशिया कप हॉकी 2026 में कांस्य पदक जीतकर लौटी भारतीय टीम की सदस्य पुष्पा मांझी और संदीपा कुमारी का जिले में भव्य स्वागत और सम्मान किया गया.
29 मई से 6 जून 2026 तक जापान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया. टीम की सफलता में सिमडेगा की दोनों बेटियों का अहम योगदान रहा. पुष्पा मांझी और संदीपा कुमारी ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए महत्वपूर्ण गोल दागे और देश का गौरव बढ़ाया.
देश लौटने के बाद सिमडेगा पहुंचीं दोनों खिलाड़ियों तथा उनकी प्रशिक्षक तारिणी कुमारी को उपायुक्त सिमडेगा श्रीमती कंचन सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में सम्मानित किया. उपायुक्त महोदया ने बुके, मोमेंटो और माला पहनाकर खिलाड़ियों को बधाई दी तथा उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया.
इस अवसर पर उपायुक्त महोदया ने कहा कि सिमडेगा की बेटियों ने न केवल जिले बल्कि पूरे झारखंड और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है. उनकी यह सफलता जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी. उन्होंने खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, खान-पान और खेल संबंधी अनुभवों की जानकारी लेते हुए उन्हें भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया.
कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार, हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी सहित कई खेल प्रेमी मौजूद रहे.
*सिमडेगा की इन बेटियों की उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर छोटे शहरों के सपने भी विश्व मंच पर परचम लहरा सकते हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment