Palamu News: पूर्व मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पलामू में एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा की राजनीति और उसके नारों पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि केवल जाति और धर्म के आधार पर राजनीति करने से देश विकसित नहीं होगा. भारत को मजबूत बनाने के लिए आर्थिक विकास के साथ सामाजिक समानता भी जरूरी है.
राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि वह 12 साल तक एक खास पार्टी और नेता के साथ रहे. उन्होंने कहा कि जब उनका टिकट काटा गया, तब उन्हें पार्टी की राजनीति को समझने का मौका मिला. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में बड़े पूंजीपतियों का प्रभाव बढ़ गया है और आम लोगों के मुद्दे पीछे छूट गए हैं.
इसे भी पढ़ें -
छतरपुर विधानसभा सीट के सामान्य होने की स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि तब अलग-अलग जातियों के उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरेंगे. उन्होंने कहा कि उस समय यह भी देखने को मिलेगा कि अलग-अलग समाज के लोग अपने जाति के उम्मीदवार को कितना समर्थन देते हैं. इसी संदर्भ में उन्होंने ‘मोदी फैक्टर’ पर भी सवाल उठाया.
पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा विकसित भारत की बात करती है, लेकिन सिर्फ लोगों की जेब में पैसा डालने से देश विकसित नहीं होगा. उन्होंने कहा कि जब तक जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव खत्म नहीं होगा, तब तक देश पूरी तरह मजबूत नहीं बन सकता. आर्थिक और सामाजिक समानता दोनों जरूरी हैं.
राधाकृष्ण किशोर ने भाजपा नेताओं की ओर से कांग्रेस पर लगाए जाने वाले आरोपों पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि जो लोग पहले कांग्रेस के साथ थे, उनमें से कई अब भाजपा के साथ हैं. ऐसे में कांग्रेस के पुराने वोटरों को चोर कहना उचित नहीं है.
उन्होंने कहा कि इस बार वह चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन जनता के बीच जागरूकता पैदा करने का काम करेंगे. उन्होंने छतरपुर-पाकी क्षेत्र के लोगों से स्थानीय नेताओं और स्थानीय मुद्दों पर भी ध्यान देने की अपील की.
राधाकृष्ण किशोर ने धरती पुत्र समाज से एकजुट होने और अच्छे लोगों को आगे लाने की अपील की. उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दल ऐसे उम्मीदवारों को ज्यादा पसंद करते हैं जो शीर्ष नेतृत्व के अनुसार काम करें. जो अपनी बात रखते हैं या नेतृत्व की हर बात नहीं मानते, उन्हें पसंद नहीं किया जाता.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

