Ramgarh : रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बगिचा कॉलोनी में एक व्यक्ति का शव मिला है. मृतक की पहचान झंडा चौक निवासी सुमित अग्रवाल के रूप में हुई है. उसके शरीर और गर्दन पर जख्म के कई निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार, बगीचा के पास रहने वाले लोगों ने सड़क के किनारे शव को पड़ा देखा. इसके बाद तत्काल इसकी जानकारी रामगढ़ पुलिस को दी गई. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.

बता दें कि सुमित अग्रवाल गांजा तस्करी, विस्फोटक पदार्थ और प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन व दवाइयां बेचने के आरोप में पूर्व में कई बार जेल जा चुका था. जिले में सक्रिय कुख्यात आपराधिक गिरोहों में उसकी पैठ थी. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि आपसी रंजिश में उसकी हत्या की गई होगी. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

रामगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडेय का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश में हत्या का लग रहा है. पुलिस हर एक बिंदु पर बेहद बारीकी से तफ्तीश कर रही है और दावा किया है कि सुमित के कातिल जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे.
दूसरी तरफ सुमित अग्रवाल की पत्नी मनीषा अग्रवाल ने कहा कि मंगलवार शाम करीब छह बजे किसी का फोन आया था और वह कहीं पर मारपीट की बात कहकर आने की बात कह रहा था. फोन आने के बाद वह रात तक लौट आने की बात कहकर निकल गया.
रात में जब सुमित नहीं लौटा तो परिजनों ने काफी खोजबीन की. लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका. वहीं सुबह-सुबह घर वालों को सुमित की मौत की सूचना मिली. सुमित अग्रवाल की मां ने आशंका जताई कि पैसे के लेनदेन के चलते बेटे की हत्या की गई है.
बता दें कि सुमित अग्रवाल का 3 वर्ष पूर्व विवाह हुआ था उसका एक पुत्र भी है. उसकी मौत की कबर से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment