- सड़क मरम्मत, पीसीसी रोड निर्माण, पेयजल पाइपलाइन और मच्छरों के प्रकोप से राहत दिलाने का उठाया मुद्दा
Ramgarh News: रामगढ़ छावनी क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने नगर अध्यक्ष बलराम साहू के नेतृत्व में रामगढ़ छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी (CEO) विवेक सिंह से मुलाकात की. इस दौरान शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क मरम्मत, पीसीसी सड़क निर्माण, पेवर ब्लॉक लगाने, पेयजल पाइपलाइन बिछाने और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से निजात दिलाने समेत आठ प्रमुख मांगें रखीं.
इसे भी पढ़ें:
सड़क, पेयजल और सफाई पर जोर
प्रतिनिधिमंडल ने वार्ड नंबर 8 में नागरमल जैन के घर से प्रभु दयाल खंडेलवाल के घर तक पीसीसी सड़क की मरम्मत, पेवर ब्लॉक लगाने तथा पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने की मांग की. इसी वार्ड में उमेश विश्वकर्मा के घर से कुम्हार टोली तक सड़क की मरम्मत एवं पेवर ब्लॉक लगाने का मुद्दा भी उठाया गया.
वहीं, वार्ड नंबर 4 के रामनगर में भरत राम के घर से नरेश राम के घर तक तथा छोटेलाल राम के घर से किशोरी राम के घर तक पीसीसी सड़क निर्माण कराने की मांग की गई. इसके अलावा वार्ड नंबर 2 में तिरंगा चौक से पूर्णी मंडप रोड तक सड़क की मरम्मत एवं पेवर ब्लॉक लगाने और धर्मू दुकान से महेश राय के घर तक सड़क की मरम्मत कराने की आवश्यकता पर जोर दिया गया.
भामाशाह की प्रतिमा स्थापित करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने झंडा चौक पर दानवीर भामाशाह की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थल उपलब्ध कराने की मांग भी रखी. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इससे शहर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा मिलेगा.
मच्छरों के प्रकोप से राहत दिलाने की मांग
शहर में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप पर चिंता जताते हुए प्रतिनिधिमंडल ने रामगढ़ के सभी शहरी क्षेत्रों में नियमित रूप से फॉगिंग कराने और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित करने की मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन उपायों से लोगों को मच्छरों से होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी और स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी.
CEO ने सकारात्मक पहल का दिया भरोसा
प्रतिनिधिमंडल की ओर से रखी गई सभी आठ मांगों पर मुख्य अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह ने सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया. इस मौके पर नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलराम साहू के साथ मंडल अध्यक्ष संजीव खंडेलवाल, दानिश कुरैशी, जयकुमार अग्रवाल सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

