- ग्रामीणों को कार्यालय बुलाकर उपायुक्त ने की वार्ता, जांच के लिए टीम गठित
- 14 सितंबर को डीसी करेंगे सड़क का निरीक्षण
Ramgarh News: कुजू–नया मोड़ से गिद्दी तक जर्जर हो चुकी सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर पिछले चार दिनों से धरना दे रहे ग्रामीणों को मंगलवार को बड़ी राहत मिली. रामगढ़ के उपायुक्त ने ग्रामीणों को अपने कार्यालय में बुलाकर उनकी समस्याएं सुनीं और सड़क की स्थिति में सुधार के लिए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया. उपायुक्त के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल अपना धरना स्थगित कर दिया है.
इसे भी पढ़ें:
ग्रामीणों के अनुसार, बड़का चुंबा, मांझीला चुंबा, जोबला, ठाकुरगोड़ा, सेनगड़ा एवं हेसालोंग सहित आसपास के गांवों के लोगों ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर जिला प्रशासन को आवेदन सौंपा था. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने के कारण आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है और आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है.
जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त कार्यालय की ओर से सड़क के निरीक्षण एवं स्थल जांच के लिए टीम का गठन किया गया है. टीम में अनुमंडल पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता आरआईओ को शामिल किया गया है. जांच टीम सड़क का स्थलीय निरीक्षण कर जांच रिपोर्ट 14 सितंबर तक उपायुक्त को सौंपेगी. इसके बाद 14 सितंबर को उपायुक्त स्वयं सड़क का स्थलीय निरीक्षण करेंगे.
उपायुक्त के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चौथे दिन अपना धरना स्थगित कर दिया है. हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि आश्वासन के बावजूद सड़क निर्माण/मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ या किसी कारण से काम रुक गया, तो 14 सितंबर से दोबारा धरना प्रदर्शन और चक्का जाम किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

