Ramgarh News : झारखंड के माध्यमिक शिक्षा निदेशक राजेश प्रसाद व संयुक्त सचिव कुंवर सिंह पाहन ने शुक्रवार को रामगढ़ जिले के तीन पीएम श्री उच्च विद्यालयों का निरीक्षण किया. उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत संरचना, पठन-पाठन की व्यवस्था व विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया.
इसे भी पढ़ें
दोनों अधिकारियों ने पीएम श्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय रजरप्पा प्रोजेक्ट, पीएम श्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय बरियातू व पीएम श्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय कुल्ही का दौरा किया. उन्होंने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, पेयजल, सफाई अन्य आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया. विद्यार्थियों से संवाद कर पठन-पाठन व शिक्षा की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली.
माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने शिक्षकों व विद्यालय प्रबंधन से कहा कि पीएम श्री योजना के तहत चयनित विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता के साथ-साथ आधारभूत संरचना व उपलब्ध संसाधनों को मानकों के अनुरूप विकसित करें. उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा उपलब्ध कराने तथा विद्यालयों में नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया. मौके पर रामगढ़ डीईओ अभय कुमार सील, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अनूप माइकल केरकेट्टा व सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार राज मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

