Ramgarh News : विजयदशमी के अवसर पर मंगलवार की संध्या रामगढ़ के बाजार टांड़ स्थित सिद्धू-कान्हू जिला मैदान में सार्वजनिक दशहरा व सूरज हॉल समिति के तत्वावधान में भव्य रावण दहन समारोह में आस्था, उत्साह और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला.
इस दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा. 100 फीट ऊंचे रावण, 90 फीट के कुंभकरण और लगभग 85 फीट के मेघनाथ के विशाल पुतलों के दहन और आसमान को रोशन करती शानदार आतिशबाजी ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी व सांसद मनीष जायसवाल और विशिष्ट अतिथि समिति के अध्यक्ष सह विधायक रोशन लाल चौधरी की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा बढ़ाई.
इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत भी बेहद भव्य तरीके से किया गया. सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, सांसद मनीष जायसवाल और विधायक रोशन लाल चौधरी को 51 किलो की विशाल फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया. समिति के सदस्यों ने बुके भेंट कर, दुपट्टा व पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया.
बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है दशहरा
मुख्य अतिथि सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने विजयदशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दशहरा भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है. यह पर्व हमें सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है.
भगवान श्रीराम के जीवन से हमें मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की सीख मिलती है. उन्होंने कहा कि समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भाव बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है. ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन लोगों को एक सूत्र में बांधने का काम करते हैं.
सांसद मनीष जायसवाल ने दी विजयदशमी की शुभकामनाएं
मुख्य अतिथि सांसद मनीष जायसवाल ने उपस्थित लोगों को विजयदशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है. भगवान श्रीराम के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं.
उन्होंने कहा कि हमें इस पर्व को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि अपने जीवन में अच्छे विचारों, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को अपनाने के संकल्प के रूप में भी मनाना चाहिए. उन्होंने आयोजन के लिए समिति के सदस्यों और सहयोगियों की सराहना करते हुए लोगों से आपसी प्रेम और सद्भाव बनाए रखने की अपील की.
विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा -समाज में एकता और सद्भाव मजबूत करें
विशिष्ट अतिथि व समिति के अध्यक्ष विधायक रोशन लाल चौधरी ने विजयदशमी की बधाई देते हुए कहा कि दशहरा हमें अहंकार, अन्याय और बुराइयों का त्याग कर सत्य तथा धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है.
उन्होंने कहा कि रामगढ़ की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत बनाने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है. सामूहिक भागीदारी से त्योहारों की खुशियां बढ़ती हैं और समाज में एकता की भावना मजबूत होती है.
महावीर अग्रवाल ने दिया सामाजिक एकता व आत्ममंथन का संदेश
समारोह में समिति के सचिव महावीर अग्रवाल ने स्वागत भाषण एवं सचिव प्रतिवेदन प्रस्तुत किया. उन्होंने कहा कि विजयदशमी केवल रावण का पुतला जलाने का दिन नहीं, बल्कि यह हमें याद दिलाने का अवसर है कि अंततः जीत सत्य, धर्म और अच्छाई की ही होती है.
उन्होंने कहा कि हम हर वर्ष रावण के पुतले का दहन करते हैं, लेकिन हमें यह भी विचार करना चाहिए कि क्या हमने अपने भीतर मौजूद बुराइयों को समाप्त किया है. अहंकार, क्रोध, ईर्ष्या और लालच ही हमारे अंदर के वास्तविक रावण हैं. जब तक हम इन बुराइयों को अपने जीवन से दूर नहीं करेंगे, तब तक दशहरा मनाने का वास्तविक उद्देश्य अधूरा रहेगा.
श्री अग्रवाल ने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करना भी है. उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सदस्यों, सहयोगियों और रामगढ़ की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया.

