Ramgarh News : बुंडू गांव के समीप सोमवार को सड़क हादसे में एक वृद्ध व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान जीतन मांझी के रूप में हुई है. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर गिद्दी-नयीसराय मार्ग को जाम कर दिया.
बताया गया कि 24 चक्का हाइवा पतरातू से गिद्दी होते हुए डोभी की ओर जा रहा था. इसी दौरान बुंडू गांव के समीप हाइवा की चपेट में आने से जीतन मांझी गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. हादसे के बाद हाइवा सड़क किनारे पलट गया.
दुर्घटना में हाइवा चालक को भी चोटें आई हैं, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. इधर, सड़क जाम की सूचना मिलते ही गिद्दी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर जाम हटाने का प्रयास कर रही है. ग्रामीण मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए हैं.

