Ramgarh News : रामगढ़ वन क्षेत्र के गोबरदरहा इलाके में हाथियों के झुंड को करीब से देखने और वीडियो बनाने की कोशिश एक युवक की जान पर भारी पड़ गई. नवजात शावक के साथ मौजूद हथिनी लोगों की भीड़ और शोर से बेकाबू हो गई. वह लोगों की ओर दौड़ पड़ी. इस दौरान भागने की कोशिश कर रहे एक युवक की बाइक गिर गई, जिसके बाद हथिनी ने उसे कुचल कर मार डाला.
रामगढ़ की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इसे भी पढ़ें
मृतक की पहचान यशवंत महतो के रूप में हुई है. वह बोकारो जिले के महुआटांड़ थाना क्षेत्र के पुन्नू गांव का रहने वाला था. वह रामगढ़ में एक निजी अस्पताल में काम करता था. बताया जा रहा है कि झुंड में शामिल एक हथिनी ने हाल ही में बच्चे को जन्म दिया था.
नवजात शावक को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जंगल क्षेत्र में पहुंचे थे. कुछ लोग हाथियों के काफी नजदीक जाकर मोबाइल से वीडियो और रील बनाने की कोशिश कर रहे थे. शोरगुल और लोगों की गतिविधियों से हथिनी आक्रामक हो गई. हथिनी के अचानक भीड़ की ओर बढ़ने से वहां अफरा-तफरी मच गई. लोग जान बचाकर भागने लगे. इसी दौरान बाइक से पहुंचे यशवंत ने भी बच निकलने की कोशिश की. लेकिन उसकी बाइक रास्ते में गिर गई. हथिनी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

