Ramgarh News : कुजू ओपी क्षेत्र के दिगवार रेलवे ओवरब्रिज के समीप सुबह करीब साढ़े नौ बजे ट्रेन की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान रबोध निवासी मनीष शर्मा (45 वर्षीय) के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं इलाके में भी शोक की लहर है.
इसे भी पढ़ें
मिली जानकारी के अनुसार, मनीष शर्मा सुबह करीब 9:30 बजे अपने दो साथियों राहुल सिंह और छोटेलाल सिंह के साथ दिगवार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में वायरिंग का काम करने जा रहे थे. इसी दौरान एक साथी शौच के लिए रेलवे लाइन के समीप रुक गया.
बताया जाता है कि मनीष शर्मा भी रेलवे ट्रैक की ओर चले गए और वहां बैठ गए. इसी बीच अचानक वहां से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही कुजू ओपी के एएसआई वीरेंद्र कुजूर सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
इधर, हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. वहीं, मनीष शर्मा की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है.

