Ramgarh News: रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज ने मंगलवार को जिला परिवहन कार्यालय के कार्यों और संचालित विभिन्न योजनाओं विशेषकर सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की समीक्षा की. इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से चलाए जा रहे अभियानों, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए उठाए गए कदमों, ब्लैक स्पॉट्स के चिह्निकरण, ट्रैफिक नियमों के अनुपालन तथा राजस्व संग्रहण की अपडेट स्थिति की जानकारी ली गई.
इसे भी पढ़ें:
बैठक में जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों से अपील करते हुए सख्त निर्देश दिया गया कि "नो हेलमेट, नो पेट्रोल" नियम का कड़ाई से पालन हो. बिना हेलमेट पहनकर आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को किसी भी परिस्थिति में ईंधन (पेट्रोल/डीजल) न दिया जाए. नियमों की अनदेखी करने वाले पेट्रोल पंपों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
बैठक में यातायात को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने रामगढ़ शहरी क्षेत्रों में अवैध रूप से सड़क जाम करने या अतिक्रमण करने वालों से स्पष्ट अपील की है कि वे सड़क मार्ग और फुटपाथों से स्वयं अतिक्रमण हटा लें. अधिकारियों ने सख्त निर्देश जारी किया कि यदि स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी एवं जुर्माना भी वसूला जाएगा.
जिले में संचालित सभी बड़े मालवाहक वाहनों (ट्रक, ट्रेलर, हाइवा आदि) तथा अन्य व्यावसायिक वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टिव स्टीकर लगाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए. रात्रि के समय या धुंध के दौरान रिफ्लेक्टर न होने के कारण होने वाली भीषण दुर्घटनाओं को रोकने के लिए परिवहन विभाग को ऐसे वाहनों की जांच कर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर मुख्य सड़कों, राज्य मार्गों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों (NH) पर बिना किसी जायज कारण के अव्यवस्थित तरीके से वाहनों को खड़ा कर दिया जाता है, जो दुर्घटनाओं और जाम का बड़ा कारण बनता है. इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए निर्देश दिया गया कि सड़कों पर बिना कारण खड़े वाहनों पर क्रेन/Towing के माध्यम से तुरंत कार्रवाई की जाए तथा संबंधित वाहन चालकों व मालिकों पर भारी जुर्माना लगाया जाए.
बैठक के दौरान उपायुक्त ने चुटुपालू घाटी में स्पीड चालान मीटर को जल्द से जल्द प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया. साथ ही घाटी में आवागमन करने वाले सभी वाहन चालकों से अपील की गई कि वे निर्धारित मानक गति में ही वाहन चलाएं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

