Ramgarh News : रामगढ़ जिला प्रशासन लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रहा है. इसी कड़ी में एक कुख्यात अपराधी को तीन महीने के लिए जिला बदर किया गया है. वहीं तीन अन्य अपराधियों को अगले तीन महीने तक हर सप्ताह संबंधित थाने में हाजिरी लगाने का निर्देश दिया गया है.
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के न्यायालय ने रामगढ़ एसपी की अनुशंसा पर यह कार्रवाई की है. प्रशासन के मुताबिक, जिले में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के साथ-साथ आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है.
रियाज अंसारी को किया गया जिला बदर
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के आदेश के अनुसार, कुख्यात अपराधी रियाज अंसारी को तीन महीने के लिए रामगढ़ जिले की सीमा से बाहर रहने का आदेश दिया गया है. उसे आदेश जारी होने के 24 घंटे के भीतर रामगढ़ जिला छोड़ना होगा. इस अवधि में रियाज अंसारी के रामगढ़ जिले में प्रवेश करने पर रोक रहेगी. प्रशासन ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए भी आवश्यक निर्देश जारी किए हैं.
तीन अपराधियों को हर सप्ताह थाने में लगानी होगी हाजिरी
वहीं निशांत सिंह, प्रभात कुमार सिंह उर्फ सिक्कू सिंह और गुलशन कुमार सिंह को अगले तीन महीने तक हर सप्ताह एक दिन संबंधित थाने में उपस्थित होकर हाजिरी लगानी होगी. इन अपराधियों की गतिविधियों पर पुलिस की निगरानी भी रखी जाएगी.
लाइसेंसी हथियार थाने में जमा करने का आदेश
प्रशासन ने चारों अपराधियों के लिए हथियारों को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं. अगर किसी के पास लाइसेंसी हथियार है तो उसे तुरंत स्थानीय थाने में जमा करना होगा. जिला बदर या हाजिरी की अवधि के दौरान वे किसी भी तरह का हथियार नहीं रख सकेंगे.
आदेश तोड़ा तो होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं. आदेश का उल्लंघन करने या इसकी अवहेलना करने पर झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 की धारा 25 और अन्य संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है. प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी तरीके से रोक लगाना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

