Search

 
 
 

Ranchi : DSPMU में अकादमिक काउंसिल की बैठक, छात्रों के हित में कई बड़े फैसले

Ranchi : डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), रांची में बुधवार को कुलपति डॉ राजीव मनोहर की अध्यक्षता में अकादमिक काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. गांधी सभागार में हुई इस बैठक में सभी संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष और समन्वयक शामिल हुए.
 

Ranchi : डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), रांची में बुधवार को कुलपति डॉ राजीव मनोहर की अध्यक्षता में अकादमिक काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. गांधी सभागार में हुई इस बैठक में सभी संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष और समन्वयक शामिल हुए.

इसे भी पढ़ें..


बैठक में छात्रों के शैक्षणिक हितों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. नए शैक्षणिक सत्र के लिए स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में सीटों की संख्या को स्वीकृति दी गई. साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत संशोधित स्नातक पाठ्यक्रम (सिलेबस) को भी मंजूरी प्रदान की गई.


कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने बताया कि विश्वविद्यालय में “विश्वास” नामक नई मेंटरशिप योजना शुरू की जाएगी. इसके तहत शिक्षकों और छात्रों के छोटे-छोटे समूह बनाए जाएंगे, जहां शिक्षक मेंटर की भूमिका निभाते हुए छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ करियर और व्यक्तित्व विकास के लिए मार्गदर्शन देंगे.


बैठक में कई रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू करने पर भी सहमति बनी. इनमें योगिक साइंस में सर्टिफिकेट कोर्स, जेंडर एंड डेवलपमेंट इन झारखंड, बायोइन्फॉर्मेटिक्स में पीजी डिप्लोमा, स्ट्रेस मैनेजमेंट सर्टिफिकेट कोर्स, साइबर सिक्योरिटी डिप्लोमा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डिप्लोमा शामिल हैं.


छात्रों की पढ़ाई को मजबूत बनाने के लिए SHINE (Student Help Initiative for Nurturing Excellence) योजना के तहत सभी विभागों में रेमेडियल कक्षाएं चलाने का निर्णय लिया गया. इसके अलावा विभिन्न संकायों के टॉपर्स की उत्तरपुस्तिकाएं विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएंगी और “यूनिवर्सिटी टॉपर्स अकादमी” का गठन भी किया जाएगा.


विश्वविद्यालय के शिक्षकों और छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए “उत्कर्ष” और “श्रेयस” योजनाओं के तहत प्रतिभा एवं शोध पुरस्कार शुरू किए जाएंगे. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों और विद्यार्थियों को निर्धारित राशि के साथ सम्मानित किया जाएगा.


अकादमिक काउंसिल ने विश्वविद्यालय की एक ऑनलाइन मासिक पत्रिका शुरू करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी. इसमें विश्वविद्यालय की गतिविधियों के साथ-साथ शिक्षकों और विद्यार्थियों के शैक्षणिक लेख प्रकाशित किए जाएंगे.


कुलपति ने कहा कि अकादमिक निर्णयों के त्वरित क्रियान्वयन के लिए अब अकादमिक काउंसिल की बैठक हर दो महीने में आयोजित की जाएगी.


बैठक में डीएसडब्ल्यू डॉ सर्वोत्तम कुमार, कुलसचिव डॉ धनंजय वासुदेव द्विवेदी, परीक्षा नियंत्रक शुचि संतोष बरवार समेत सभी संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, निदेशक और समन्वयक उपस्थित थे. यह जानकारी विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी (PRO) डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही