Ranchi News: रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर हवाई यात्रियों की संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. जून के मुकाबले सितंबर महीने में हवाई सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में करीब 28 प्रतिशत की बड़ी कमी आई है. इसका मुख्य कारण मॉनसून और खराब मौसम को माना जा रहा है. मौसम खराब होने के कारण पिछले तीन महीनों में कई उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं, जिससे यात्रियों का ग्राफ सामान्य से नीचे रहा है.
जुलाई और अगस्त में हावी रहा मौसम
जून महीने में एयरपोर्ट से सर्वाधिक 2.27 लाख (दैनिक औसत 7,877) यात्रियों ने सफर किया था. इसके बाद मॉनसून की शुरुआत होते ही जुलाई में यह आंकड़ा 19 प्रतिशत घटकर 1.84 लाख पर आ गया. अगस्त में भी गिरावट जारी रही और कुल 1.80 लाख यात्रियों ने ही आवाजाही की. खराब मौसम के कारण इन दोनों महीनों में कई दिन दैनिक यात्रियों का आंकड़ा पांच से छह हजार के बीच ही सिमट गया था.
इसे भी पढ़ें -
सितंबर में महज 1.62 लाख ने किया सफर
सितंबर में भी स्थिति में कोई सुधार नहीं दिखा. उपलब्ध 29 दिनों (17 सितंबर को छोड़कर) के आंकड़ों के अनुसार, इस महीने केवल 1,62,574 यात्रियों ने ही सफर किया. इस दौरान प्रतिदिन यात्रियों का औसत लगभग 5,600 रहा.
25 सितंबर को दर्ज हुआ सबसे कम ट्रैफिक
इस महीने खराब मौसम की सबसे ज्यादा मार 25 सितंबर को देखने को मिली. भारी बारिश और कम विजिबिलिटी के कारण उड़ानें प्रभावित रहीं. इस दिन एयरपोर्ट से केवल 2,584 यात्रियों ने ही हवाई सफर किया, जो पूरे महीने का सबसे कम दैनिक आंकड़ा है. कुल मिलाकर, जुलाई से शुरू हुई यह सुस्ती सितंबर के अंत तक बरकरार है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

