Ranchi : महादेवी बिरला नर्सिंग इंस्टीट्यूट ने सरला बिरला यूनिवर्सिटी के जी.डी. बिरला ऑडिटोरियम में विश्व स्तनपान सप्ताह पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया. कार्यक्रम का विषय ‘जीवन में सतत और स्वस्थ शुरुआत के लिए प्रभावी स्तनपान एवं इसकी आवश्यकता’ रहा.
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्तनपान के महत्व, नवजात शिशु के स्वास्थ्य एवं पोषण और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में स्तनपान की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना था. इसमें संस्थान के शिक्षक, विद्यार्थी, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य अतिथि शामिल हुए.
कार्यक्रम की शुरुआत बीएससी नर्सिंग चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा अंजलि कुमारी के स्वागत भाषण से हुई. उन्होंने अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए विश्व स्तनपान सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डाला. इसके बाद नर्सिंग विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया.
बीएससी नर्सिंग चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा इशिका कुमारी ने विश्व स्तनपान सप्ताह का विस्तृत सारांश प्रस्तुत किया. उन्होंने स्तनपान के वैज्ञानिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी महत्व की जानकारी दी.
संस्थान की प्राचार्या डॉ. सुबानी बाड़ा ने स्तनपान को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की आधारशिला बताया. उन्होंने कहा कि जन्म के बाद शुरुआती समय में मां का दूध बच्चे के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है. उन्होंने नर्सिंग विद्यार्थियों को भविष्य के स्वास्थ्यकर्मी के रूप में माताओं को सही स्तनपान संबंधी जानकारी और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया.
प्रशासक आशुतोष द्विवेदी ने स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज की शुरुआत स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे से होती है और इसमें स्तनपान की महत्वपूर्ण भूमिका है.
कार्यक्रम में डॉ. श्वेता सिन्हा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला. वहीं, डीन प्रो. नीलिमा पाठक ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान और सामाजिक उत्तरदायित्व के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया.
कार्यक्रम के अंत में श्रीमती निशा कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया. सरला बिरला विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन और राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजकों को शुभकामनाएं दीं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

