Ranchi News : राजधानी रांची के धुर्वा डैम के किनारे झाड़ियों से एक युवक का शव मिला है. शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई. घटना की सूचना पाकर सिटी एसपी पारस राणा, धुर्वा थाना प्रभारी, हटिया डीएसपी नीरज कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली.
खबर लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी. फिलहाल पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान कराने में जुटी है, ताकि उसके परिजनों से संपर्क किया जा सके. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई.
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद युवक की मौत के कारणों का पता चल सकेगा. गौरतलब है कि धुर्वा डैम के आसपास शव मिलने की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी इस इलाके में शव मिलने के मामले सामने आते रहे हैं.

