Ranchi : जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत चल रहे हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस (HLO) कार्यों की प्रगति को लेकर मंगलवार को रांची नगर निगम में समीक्षा बैठक की गई. यह बैठक नगर आयुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हुई. बैठक में क्षेत्रवार प्रगति, फील्ड स्तर की चुनौतियों और समय पर निष्पादन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जनगणना कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए. इसके अलावा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी गतिविधियां पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और नीति निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए इसकी गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है.
बैठक में फील्ड में कार्यरत प्रगणकों और सुपरवाइजरों को आ रही समस्याओं एवं तकनीकी चुनौतियों की भी समीक्षा की गई. नगर आयुक्त ने डेटा संकलन, डिजिटल एंट्री और मोबाइल एप्लीकेशन संचालन में आने वाली तकनीकी दिक्कतों के समाधान के निर्देश दिए. साथ ही चार्ज ऑफिसर्स को फील्ड कर्मियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और समस्याओं का तत्काल निराकरण करने को कहा.
समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ क्षेत्रों में लोग जानकारी साझा करने में हिचकिचा रहे हैं और प्रगणकों को अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है. इस पर नगर आयुक्त ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया.
नगर आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की कि वे जनगणना कर्मियों को सही जानकारी देकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें. बैठक में उप निदेशक-सह-उप मुख्य प्रधान जनगणना पदाधिकारी केशव नाइक आर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment