Ranchi News : राजधानी रांची के पुंदाग ओपी क्षेत्र में मंगलवार शाम दो लोगों के बीच पार्किंग को लेकर विवाद हुआ. इसके बाद देर रात दोनों पक्ष के लोग पुंदाग ओपी पहुंचे और मामले को लेकर लिखित शिकायत दी. महिला ने झारखंड हाईकोर्ट के एक वकील पर गाली-गलौज करने और छेड़खानी का आरोप लगाया है. वहीं वकील ने भी महिला के पति पर मारपीट करने का लगाया है. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें
https://lagatar.in/rocket-like-surge-in-stock-market-sensex-leaps-by-1300-points-nifty-crosses-25000-mark
अपार्टमेंट में पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, रांची के पुंदाग इलाके में स्थित अपार्टमेंट में रहने वाले दो लोगों के बीच पार्किंग को लेकर विवाद हुआ. मंगलवार देर रात यह विवाद बढ़ गया और मामला थाने तक पहुंच गया. पीड़ित महिला का आरोप है कि अधिवक्ता विशाल ने उन्हें फोन कर गाली-गलौज की और अश्लील बातें कहीं.
महिला ने इसकी जानकारी अपने पति को दी. महिला के पति ने जब इसका विरोध किया तो कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गई. महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के दौरान अधिवक्ता नशे की हालत में थे. पुलिस जांच में भी अधिवक्ता के शराब पीने की पुष्टि हुई.
अधिवक्ता के समर्थन में थाने पहुंचे वकील
घटना के बाद महिला अपने पति के साथ शिकायत लेकर थाने पहुंची. वहीं दूसरी ओर आरोपी अधिवक्ता भी मौके पर पहुंचे. घटना की जानकारी मिलने के बाद अधिवक्ता के समर्थन में बड़ी संख्या में वकील पुंदाग ओपी पहुंच गए. थाने में देर रात तक गहमागहमी का माहौल बना रहा. दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दी गई है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पूरे मामले पर पुंदाग थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है. विवाद की शुरुआत अपार्टमेंट में पार्किंग को लेकर हुई थी. दोनों पक्ष एक ही अपार्टमेंट में रहते हैं. विवाद बढ़ने के बाद दोनों ने थाने में शिकायत की और एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं. थाना प्रभारी के मुताबिक, पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
