Ranchi : जिले में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने को लेकर शुक्रवार को सिविल सर्जन कार्यालय में समीक्षा बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ अमरेंद्र प्रसाद ने की. इस दौरान गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सुविधा देने और मातृ मृत्यु के मामलों को कम करने पर चर्चा हुई.
रांची की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
बैठक में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, प्रसव पूर्व जांच, VHSND और Maternal Death Review की समीक्षा की गई. अधिकारियों ने अलग-अलग प्रखंडों में चल रहे मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रमों की स्थिति और उनकी चुनौतियों की जानकारी दी.
सिविल सर्जन डॉ अमरेंद्र प्रसाद ने गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण कराने और उनकी नियमित जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान किसी भी तरह के खतरे की जल्द पहचान जरूरी है. हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं को समय पर इलाज और जरूरत पड़ने पर अस्पताल रेफर करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया.
बैठक में गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में प्रसव के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया गया. प्रसव के दौरान किसी आपात स्थिति में उन्हें तुरंत इलाज मिल सके, इसके लिए स्वास्थ्य संस्थानों को तैयार रखने की बात कही गई.
Maternal Death Review के तहत मातृ मृत्यु के कारणों की जांच करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया गया. स्वास्थ्य संस्थानों को मातृ स्वास्थ्य से जुड़े आंकड़े और रिपोर्ट समय पर अपडेट करने को भी कहा गया.
VHSND के जरिए गांव और दूर-दराज के इलाकों में गर्भवती महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर भी चर्चा हुई. इसमें नियमित ANC जांच, पोषण की जानकारी, स्वास्थ्य जागरूकता और जरूरत पड़ने पर रेफरल सुविधा को मजबूत करने पर जोर दिया गया.
बैठक में डॉ वीरेंदर कुमार सिंह, शेषनाथ बैठा, डॉ प्रभावती, डॉ सुजीत कश्यप, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, DPC प्रीति चौधरी, DDM संजय तिवारी सहित चिकित्सक, जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारी व स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.
बैठक का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान करना और मातृ मृत्यु के मामलों को कम करना रहा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

