- विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटकता मिला
Ranchi : जिले के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित इंद्रपुरी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शुक्रवार की सुबह विवाहिता का शव उसके कमरे में फंदे से लटकता मिला. मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
इसे भी पढ़ें
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका मूल रूप से जमशेदपुर की रहने वाली थी. उसकी शादी करीब तीन वर्ष पूर्व रांची के इंद्रपुरी निवासी एक परिवार में हुई थी. परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था.
मायके वालों के मुताबिक, आत्महत्या से पहले उसने फोन पर अपने परिजनों को ससुराल में हो रही प्रताड़ना और दहेज की मांग के बारे में जानकारी दी थी. बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले भी दहेज को लेकर ससुराल पक्ष के साथ उसका विवाद हुआ था. इसके अगले दिन शुक्रवार की सुबह उसका शव कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला.
घटना की जानकारी मिलने के बाद सुखदेवनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सदर अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना पाकर विवाहिता के मायके वाले रांची पहुंचे और ससुराल वालों के खिलाफ सुखदेवनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी.

