Search

 
 
 

Ranchi : BIT मेसरा और IIT कानपुर के बीच एमओयू, शोध-उच्च शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

Ranchi News : इस एमओयू के तहत दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों और शिक्षकों का आदान-प्रदान, शोधार्थियों का संयुक्त मार्गदर्शन, विशेष प्रयोगशालाओं और अनुसंधान सुविधाओं का साझा उपयोग तथा संयुक्त शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे. इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय वित्त पोषण एजेंसियों के समक्ष संयुक्त शोध प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए जा सकेंगे.
 
बीआईटी मेसरा-आईआईटी कानपुर समझौता

Ranchi News : BIT मेसरा और IIT कानपुर के बीच शैक्षणिक सहयोग और संयुक्त अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए पांच वर्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं. यह समझौता दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक गतिविधियों, शोध कार्यों और तकनीकी नवाचार के नए अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

 

इसे भी पढ़ें...

 

3 नवंबर 2026 को हुए इस समझौते पर BIT मेसरा के कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना और IIT कानपुर के निदेशक प्रो. मनींद्र अग्रवाल ने हस्ताक्षर किए. आपसी सहमति से इस समझौते की अवधि आगे भी बढ़ाई जा सकेगी.

 

इस एमओयू के तहत दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों और शिक्षकों का आदान-प्रदान, शोधार्थियों का संयुक्त मार्गदर्शन, विशेष प्रयोगशालाओं और अनुसंधान सुविधाओं का साझा उपयोग तथा संयुक्त शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे. इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय वित्त पोषण एजेंसियों के समक्ष संयुक्त शोध प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए जा सकेंगे.

 

BIT मेसरा के कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना ने कहा कि IIT कानपुर के साथ यह साझेदारी संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता, प्रभावशाली अनुसंधान और नवाचार आधारित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है. इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को उन्नत शोध, विशेषज्ञ शैक्षणिक मार्गदर्शन और राष्ट्रीय महत्व की समस्याओं पर काम करने के अवसर मिलेंगे.

 

उन्होंने कहा कि विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को हासिल करने में मजबूत शैक्षणिक संस्थानों, सक्षम शोधकर्ताओं और कुशल कार्यबल की अहम भूमिका होगी.

 

एमओयू के तहत पांच प्रमुख क्षेत्रों में होगा सहयोग

समझौते में स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर शोध, विद्यार्थी आदान-प्रदान एवं इंटर्नशिप, संयुक्त मास्टर और पीएचडी मार्गदर्शन, शैक्षणिक कार्यक्रम तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रशिक्षण को शामिल किया गया है.

 

इसके तहत दोनों संस्थानों के शिक्षक तीसरे वर्ष से स्नातक विद्यार्थियों और पहले सेमेस्टर से स्नातकोत्तर विद्यार्थियों की शोध परियोजनाओं का संयुक्त मार्गदर्शन कर सकेंगे. मास्टर और पीएचडी के शोधार्थियों को दोनों संस्थानों के दो या अधिक शिक्षक संयुक्त रूप से मार्गदर्शन दे सकेंगे.

 

विद्यार्थियों को IIT कानपुर की विशेष प्रयोगशालाओं का दौरा करने, ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन इंटर्नशिप करने तथा अल्पकालिक पाठ्यक्रमों और कार्यशालाओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा. दोनों संस्थान GIAN और माइक्रो-क्रेडिट पाठ्यक्रम, सेमिनार, सम्मेलन, कार्यशालाएं और परामर्श गतिविधियां भी आयोजित कर सकेंगे.

 

इसके अलावा शिक्षकों के आदान-प्रदान, व्यावसायिक विकास कार्यक्रमों और कर्मचारियों एवं अधिकारियों के अल्पकालिक प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की जाएगी. इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में अन्य संस्थानों के प्रतिभागियों को भी शामिल किया जा सकेगा.

 

दोनों संस्थानों में नियुक्त किए गए समन्वयक

एमओयू के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दोनों संस्थानों में समन्वयक नियुक्त किए गए हैं. BIT मेसरा की ओर से डीन ऑफ रिसर्च, इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (DRIE) डॉ. राजू पोद्दार समन्वयक होंगे. वहीं, डीन ऑफ अंडरग्रेजुएट स्टडीज (DUGS) डॉ. गौतम सरकार संयुक्त समन्वयक की जिम्मेदारी संभालेंगे.

 

IIT कानपुर की ओर से डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स प्रो. अशोक डे अथवा डीन ऑफ रिसर्च एंड डेवलपमेंट प्रो. जयंधरन गिरिधर राव समन्वयक की भूमिका निभाएंगे. एसोसिएट डीन या डीन द्वारा नामित प्रतिनिधि संयुक्त समन्वयक होंगे.

 

इस समझौते से BIT मेसरा के विद्यार्थियों और शिक्षकों को IIT कानपुर की उन्नत शोध सुविधाओं, विशेषज्ञता और शैक्षणिक संसाधनों का लाभ मिलेगा. साथ ही दोनों संस्थानों के बीच संयुक्त शोध और तकनीकी विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही