Ranchi News : छठ महापर्व और काली पूजा को देखते हुए रांची नगर निगम ने शहर के विभिन्न तालाबों में साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभियान तेज कर दिया है. कई तालाबों में सफाई की व्यवस्था अब भी अधूरी नजर आ रही है. कहीं तालाब में घास उग आई है.
इसे भी पढ़ें...
चडरी, पुलिस लाइन और करमटोली तालाब में पूजा की तैयारियां चल रही हैं, लेकिन सफाई की स्थिति अलग-अलग है. हालांकि काली पूजा में मूर्तियों का विसर्जन भी किया जाएगा. इसके लिए नगर निगम द्वारा चिन्हित तालाबों में मूर्ति विसर्जन के लिए बैरिकेडिंग की गई है. ताकि मूर्ति विसर्जन करते समय श्रदधालु गहरे पानी में न जाए, इसके लिए बैरिकिडंग की गई है.
चडरी तालाब : सफाई में आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी
चडरी तालाब में नगर निगम के सफाईकर्मी सफाई अभियान प्रतिदिन चला रहे है. हालांकि, तालाब के सीढ़ियों के सामने सफाई की जा रही है, जबकि किनारे के हिस्सों में सफाई नहीं हो रही है. तालाब में जगह-जगह घास भी निकल आई है. स्थानीय महिला मधु देवी ने बताया कि नगर निगम के सफाईकर्मी सफाई कर चले जाते हैं, लेकिन आम नागरिक कचरा निर्धारित कुंड में डालने के बजाय इधर-उधर फेंक देते हैं. महिला ने बताया कि छठ पूजा में तालाब की साफ-सफाई जरूरी है. तालाब की सफाई में आम लोगों को भी नगर निगम का सहयोग करना चाहिए.
पुलिस लाइन तालाब : तैरता कचरा निकालने पर जोर
स्थानीय निवासी उदय कुमार ने बताया कि काली पूजा नजदीक है. इस दौरान तालाब में प्रतिमा विसर्जन भी किया जाएगा.पूजा को लेकर तालाब की नियमित सफाई होती है. पुलिस लाइन तालाब में प्रत्येक मंगलवार को सफाई की जाती है.
फिलहाल छठ पर्व को देखते हुए तालाब से तैरता हुआ कचरा बाहर निकाला जा रहा है. हालांकि, छठ से दो दिन पहले तालाब की गहराई से सफाई करने की जरूरत है, ताकि व्रतियों को परेशानी न हो.
करमटोली तालाब : बैरिकेडिंग से श्रद्धालुओं की सुरक्षा
करमटोली तालाब में छठ और काली पूजा को लेकर तैयारियां की गई हैं. छठवृतियों को तालाब की गहराई में जाने से रोकने के लिए बांस से बैरिकेडिंग की गई है. तालाब की पहले ही सफाई कराई जा चुकी है.
होटल कर्मी जयदेव कुम्हार ने बताया कि वे प्रतिदिन तालाब में स्नान करते हैं. तालाब में ब्लीचिंग पाउडर भी डाला जाता है. लोगों के घरों से निकलने वाला कचरा तालाब में न फेंका जाए, इसके लिए अलग से कुंड बनाया गया है. नगर निगम ने कचरा डालने के लिए वहां बोर्ड भी लगाया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

