Ranchi News : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) की पुरुष वॉलीबॉल टीम आगामी ईस्ट जोन अंतर-विश्वविद्यालय वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2026–27 में हिस्सा लेगी. प्रतियोगिता का आयोजन 27 से 31 अक्टूबर तक कोलकाता के एडमास विश्वविद्यालय में होगा. इसके लिए 15 अक्टूबर को विश्वविद्यालय की 14 सदस्यीय टीम का अंतिम चयन किया गया.
टीम के चयन से पहले खिलाड़ियों का प्रारंभिक चयन किया गया था. अंतिम चयन के दौरान खिलाड़ियों के खेल कौशल, तकनीकी दक्षता और प्रदर्शन का आकलन किया गया. चयनित टीम में अनुराग श्रीवास्तव और फिरदौस अंसारी को सेटर, राजीव, मो.असलन, कुलविंदर कुमार, निशित मुंडा, मनोज करमोदक,अभय तोमर, रौनक प्रसाद, सन्नी उरांव और प्रताप कुमार को अटैकर के रूप में शामिल किया गया है. वहीं, अभिषेक टोप्पो यूनिवर्सल और प्रभात कुमार महतो और जितेश उरांव लिबेरो की भूमिका निभाएंगे.
चयन प्रक्रिया में रांची विश्वविद्यालय के विजय कुमार वर्मा और अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल कोच राजेश कुमार सिंह ने चयनकर्ता के रूप में योगदान दिया.विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजीव मनोहर ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ मैदान में उतरने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम अपने प्रदर्शन से विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेगी.
विश्वविद्यालय के खेल व शारीरिक शिक्षा निदेशक डॉ. विनय भरत ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि खेल से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है. उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास करने और प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया.
खेल प्रशिक्षक पीटीआई प्रिया और पीटीआई परमेश्वर महतो ने भी टीम के चयन और खिलाड़ियों की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. विश्वविद्यालय का खेल एवं शारीरिक शिक्षा विभाग विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें अंतर-विश्वविद्यालय स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है.

