Ranchi : जिले में चल रहे Pre SIR कार्य में लापरवाही बरतने वाले BLO अब प्रशासन के रडार पर हैं. उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि खराब प्रदर्शन करने वाले BLO पर कार्रवाई होगी. वहीं, बीमारी का बहाना बनाकर काम से बचने वालों की पहचान के लिए मेडिकल बोर्ड भी बनाया जाएगा.
समाहरणालय सभागार में बुधवार को समीक्षा बैठक हुई. सभी निर्वाची निबंधक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि खराब काम करने वाले BLO को नोटिस जारी किया जाए. उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को भी निर्देश दिया कि BLO ड्यूटी में लापरवाही करने वाले शिक्षकों का शहर से तबादला सुनिश्चित किया जाए.
बैठक में जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों—58-तमाड़, 61-सिल्ली, 62-खिजरी, 63-रांची, 64-हटिया, 65-कांके और 66-मांडर में चल रहे Pre SIR कार्यों की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित होनी चाहिए और कोई भी योग्य मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए.
उन्होंने BLO को घर-घर जाकर सत्यापन करने, हर घर में स्टीकर लगाने और बचे हुए मतदाताओं की मैपिंग जल्द पूरी करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही मृत, स्थानांतरित और अनुपस्थित मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने को कहा.
उपायुक्त ने पंचायत भवनों में वर्ष 2003 की मतदाता सूची प्रकाशित करने का भी निर्देश दिया ताकि लोग आसानी से अपना नाम खोज सकें और मैपिंग कार्य में सहयोग मिल सके.
बैठक में प्रभारी उपविकास आयुक्त संजय भगत, जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन समेत सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाची निबंधक पदाधिकारी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment