Ranchi News : अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार से मुलाकात कर छात्र हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और मांग-पत्र सौंपा.
प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज परिसर और कक्षाओं में नियमित साफ-सफाई, समय पर परीक्षा परिणाम जारी करने, नियमित कक्षाओं का संचालन, कंप्यूटर लैब की सुविधाओं में सुधार, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, भवनों की मरम्मत समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने की मांग की.
इसके अलावा कॉलेज परिसर में छात्रों के लिए वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने और वॉटर कूलर और वाटर फिल्टर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई. आजसू प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि डिजिटल शिक्षा के दौर में छात्रों के लिए इंटरनेट सुविधा आवश्यक है. साथ ही स्वच्छ व ठंडे पेयजल की उपलब्धता भी विद्यार्थियों के लिए जरूरी है.
प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.

