Ranchi News : एचईसी की बदहाली और बिजली आपूर्ति ठप होने के मुद्दे पर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखने का आग्रह किया है.
बाबूलाल मरांडी को लिखे पत्र में राकेश सिन्हा ने कहा है कि एचईसी देश का मदर प्लांट है. इस संस्थान ने देश के अंतरिक्ष, रक्षा, रेलवे और भारी उद्योग सहित कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परियोजनाओं में योगदान दिया है. इसके बावजूद आज संस्थान बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में संकट का सामना कर रहा है. यह केवल एक औद्योगिक संस्थान की समस्या नहीं, बल्कि झारखंड की औद्योगिक पहचान और हजारों कर्मचारियों के भविष्य से जुड़ा सवाल है.
उन्होंने प्रधानमंत्री से एचईसी की मौजूदा स्थिति पर जवाब मांगने की अपील की है. पत्र में संस्थान के पुनरुद्धार, कर्मचारियों के बकाया वेतन के भुगतान और नियमित उत्पादन शुरू कराने के लिए ठोस पहल की मांग उठाने को कहा गया है.
राकेश सिन्हा ने कहा कि विपक्ष का दायित्व केवल राज्य सरकार से सवाल पूछने तक सीमित नहीं होना चाहिए. केंद्र सरकार की जवाबदेही भी उतनी ही मजबूती से तय की जानी चाहिए. उन्होंने बाबूलाल मरांडी से आग्रह किया कि एचईसी की दुर्दशा पर प्रधानमंत्री को पत्र लिखें और झारखंड की इस ऐतिहासिक औद्योगिक धरोहर को बचाने के लिए पहल करें. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर केंद्र सरकार एचईसी को संकट से उबारने के लिए कब ठोस कदम उठायेगी.

