Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन सोरेन ने झारखंड आंदोलनकारी व पूर्व विधायक दुर्गा सोरेन की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की. मुख्यमंत्री गुरुवार को नामकुम के लोवाडीह स्थित दुर्गा सोरेन स्मारक स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि स्वर्गीय दुर्गा सोरेन ने अलग झारखंड राज्य की लड़ाई और वंचितों व आदिवासियों के अधिकारों के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया. उन्होंने कहा कि दुर्गा सोरेन एक दूरदर्शी, संघर्षशील और जनभावनाओं से जुड़े नेता थे, जिनका जीवन जनकल्याण के लिए समर्पित रहा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी लोग बड़ी संख्या में एकत्र होकर दुर्गा सोरेन को याद कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन में उनके योगदान और संघर्ष को कभी भुलाया नहीं जा सकता. मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय दुर्गा सोरेन जैसे मार्गदर्शक और कर्मठ नेताओं के संघर्ष और बलिदान के कारण ही अलग झारखंड राज्य का सपना साकार हो पाया.
हेमंत सोरेन ने कहा कि दुर्गा सोरेन के विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे. झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता को शत-शत नमन करते हुए कहा कि ऐसे युवा और संघर्षशील नेता पर पूरे राज्य को गर्व है. इस मौके पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और कई गणमान्य लोगों ने भी दुर्गा सोरेन के स्मारक स्थल पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित की और उनके योगदान को याद किया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment