Ranchi News : शिक्षक दिवस के अवसर पर गोस्सनर कॉलेज के मास कम्युनिकेशन विभाग की ओर से फिल्म निर्माण से जुड़े विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार बिज्जू टोप्पो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने फिल्मी सफर और फिल्म निर्माण से जुड़े अनुभव साझा किए.
बिज्जू टोप्पो ने कहा कि फिल्म निर्माण आसान काम नहीं है. एक फिल्म को पूरा करने के लिए फिल्मकार को संयम, मेहनत और संघर्ष के दौर से गुजरना पड़ता है. उन्होंने कहा कि झारखंड अभी भी अन्य राज्यों की तुलना में फिल्म निर्माण के क्षेत्र में पीछे है, जबकि राज्य में फिल्म और डॉक्यूमेंट्री निर्माण की अपार संभावनाएं मौजूद हैं.
उन्होंने विद्यार्थियों को झारखंड की संस्कृति, सामाजिक परिस्थितियों और गंभीर मुद्दों पर फिल्म व डॉक्यूमेंट्री बनाने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी कहानियों और संस्कृति को सिनेमा के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए आगे आना चाहिए. इससे न केवल झारखंड की पहचान मजबूत होगी, बल्कि सामाजिक जागरूकता लाने में भी मदद मिलेगी.
कार्यक्रम के दौरान बिज्जू टोप्पो द्वारा निर्मित ‘टापू राजे’ और ‘गाड़ी लोहरदगा मेल’ जैसी फिल्मों का विद्यार्थियों के लिए प्रदर्शन किया गया. इसके बाद उन्होंने फिल्मों के निर्माण के दौरान आने वाली चुनौतियों और अपने अनुभवों के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
कार्यक्रम में प्रो. संतोष कुमार सहित मास कम्युनिकेशन विभाग के सेमेस्टर 1, 2, 3 और 5 के विद्यार्थी उपस्थित रहे. कार्यक्रम का मंच संचालन अनुप्रिया तिर्की ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. अनुज कुमार ने किया.

