Ranchi News: मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (सीयूजे) में सोमवार को शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई. सुदिव्य सोनू का 6 सितंबर को आकस्मिक निधन हो गया था. उनके निधन पर राज्य में दो दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया गया है.
विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन की दूसरी मंजिल पर आयोजित शोकसभा में कुलपति प्रो. सारंग मेढ़ेकर समेत शिक्षक, अधिकारी, गैर-शिक्षण कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे. सभी ने दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
इस अवसर पर कुलपति प्रो. सारंग मेढ़ेकर ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असामयिक निधन अत्यंत दुखद है और यह झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने कहा कि सोनू ने जनसेवा और राज्य के विकास के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया. उनके निधन से राज्य ने एक युवा, सक्रिय और समर्पित जनप्रतिनिधि खो दिया है. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक-संतप्त परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.
शोकसभा में विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने कहा कि सोनू का निधन झारखंड के राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र के लिए भी बड़ी क्षति है. जनसेवा के प्रति उनका समर्पण और योगदान लंबे समय तक स्मरण किया जाएगा.अंत में सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की.

