Ranchi News : संत जेवियर्स कॉलेज में आयोजित अंतर विभागीय फुटबॉल (पुरुष/महिला) टूर्नामेंट 2026 का मंगलवार को समापन हो गया. महिला वर्ग के फाइनल में हिंदी विभाग ने जंतु विज्ञान विभाग को पेनाल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. वहीं, पुरुष वर्ग में राजनीति विज्ञान विभाग ने भूगोल विभाग को पेनाल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर चैंपियन का खिताब जीता.
इसे भी पढ़ें...
कॉलेज के खेल विभाग द्वारा आयोजित टूर्नामेंट में कुल 42 टीमों ने हिस्सा लिया. इनमें पुरुष वर्ग की 28 और महिला वर्ग की 14 टीमें शामिल थीं. फाइनल मुकाबले में दोनों वर्गों की टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया.
समापन समारोह में रांची विश्वविद्यालय के खेल विभाग के निदेशक और कॉलेज के एलुमनाई डॉ. अनिल बिरेन्द्र कुल्लू मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और कहा कि खेल का मैदान संघर्ष का रास्ता दिखाता है और जीत की ओर ले जाता है. उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत खेल को विषय के रूप में पढ़ाने के साथ मैदान में भी सिखाया जा रहा है.
मुख्य अतिथि ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया. महिला वर्ग में हिंदी विभाग की जुदित एक्का को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और सेतेंग सांगा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. पुरुष वर्ग में भूगोल विभाग के विकास कुजूर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और राजनीति विज्ञान विभाग के रोहित कुल्लू प्लेयर ऑफ द मैच रहे.
मौके पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. फादर रॉबर्ट प्रदीप कुजूर, एसजे, उप प्राचार्य डॉ. फादर अजय अरुण मिंज, एसजे, स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. राम मुर्मू, रजिस्ट्रार डॉ. फादर प्रभात केनेडी सोरेंग, एसजे, डीएसडब्ल्यू डॉ. संजय सिन्हा, बर्सर फादर रवि हेमंत कुजूर, एसजे सहित अन्य प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

