- शौचालय निर्माण पर भी दिया जोर
Ranchi : उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई.
इस दौरान डीसी ने जल जीवन मिशन के तहत चल रही योजनाओं के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये. वहीं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत चालू वित्तीय वर्ष में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप व्यक्तिगत घरेलू शौचालयों के निर्माण को सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.
बैठक में मंजूनाथ भजंत्री ने योजनाओं के बेहतर संचालन और रख-रखाव को लेकर सभी कनीय अभियंताओं और प्रखंड वॉश को-ऑर्डिनेटर्स को आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने प्रत्येक माह ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति की नियमित बैठक आयोजित करने और योजनाओं की स्थिति, संचालन और रख-रखाव की समीक्षा करने को कहा.
पेयजल शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर
डीसी ने कहा कि पेयजल से जुड़ी शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने निर्देश दिया कि अबुआ ग्रुप, मुखिया, झारजल, विभागीय कॉल सेंटर और कनीय अभियंताओं के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निपटारा सुनिश्चित किया जाए.
बैठक में उपायुक्त ने नए शौचालय निर्माण अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों और सरकार से जुड़े कर्मियों के यहां शौचालय की उपलब्धता का सत्यापन करने का निर्देश दिया. इसमें मुखिया, जलसहिया, स्वास्थ्य सहिया, सेविका, सहायिका, ग्राम संगठन/एसएचजी सदस्य तथा पारा शिक्षकों को शामिल किया गया है.
जहां शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां संबंधित लोगों को स्वयं शौचालय निर्माण कराने के लिए प्रेरित किया जाए. साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालय उपयोग को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया.
Leave a Comment