Ranchi News : झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने तुपुदाना बिजली ऑफिस (प्रशाखा) में गड़बड़ी का आरोप लगाया है. आरोप है कि वहां के जेई (जूनियर इंजीनियर) पुराने कामगारों को डरा-धमका कर काम से निकाल रहे हैं और उनकी जगह अपने करीबियों व रिश्तेदारों को नौकरी दे रहे हैं. इसे लेकर संघ ने बिजली विभाग के महाप्रबंधक (जीएम) से शिकायत कर जांच की मांग की है.
इसे भी पढ़ें...
क्या है आरोप?
रिश्तेदारों को नौकरी : संघ के अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि जेई ने एक पुराने कर्मचारी को हटाकर उसकी जगह अपने सगे भाई को काम पर रख लिया है. हाल ही में एक और पुराने कर्मचारी को बिना किसी वजह के निकाल दिया गया है.
कनेक्शन और बिलिंग के काम में लापरवाही : नए बिजली कनेक्शन देने, बिलिंग और OTP जैसे अहम और संवेदनशील काम भी ऐसे लोगों से कराए जा रहे हैं, जिन्हें इसका अधिकार नहीं है. इससे आम उपभोक्ताओं के काम में गड़बड़ी होने का खतरा है.
पोल और तार बदलने में मनमानी : इलाके में बिजली के पोल और तार बदलने (शिफ्टिंग) के काम में भी नियमों की अनदेखी का आरोप है. आरोप है कि बिना सही एस्टीमेट बनाए और बिना सरकारी खजाने में पैसा जमा कराए ही काम किए जा रहे हैं.
संघ ने की निष्पक्ष जांच की मांग
श्रमिक संघ ने बड़े अधिकारियों से मिलकर मांग की है कि इस पूरे मामले की तुरंत और निष्पक्ष जांच हो. संघ ने कहा है कि जब तक जांच चले, तब तक ऑफिस के सारे कागजात सुरक्षित रखे जाएं ताकि कोई छेड़छाड़ न हो सके. यदि जांच में जेई या कोई अन्य दोषी पाया जाता है, तो उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि गरीब कर्मचारियों के साथ अन्याय न हो.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

