Search

 
 
 

Jharkhand News : आयुष्मान योजना के लिए सरकार ने 110 करोड़ की दी मंजूरी, इलाज की सीमा बढ़कर 15 लाख

झारखंड सरकार ने राज्य के गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए बड़ा फैसला लिया है.
 
झारखंड की खबरें

Ranchi: झारखंड सरकार ने राज्य के गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए बड़ा फैसला लिया है. वित्तीय वर्ष 2026-27 में आयुष्मान भारत-मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-MMJAY) के संचालन के लिए सरकार ने 110 करोड़ रुपये के राज्यांश बजट की मंजूरी दी है.सबसे बड़ी बात यह है कि अब इस योजना के तहत एक परिवार को सालाना 15 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी. पहले यह सीमा 5 लाख रुपये थी. 

 

 

नई व्यवस्था के अनुसार 5 लाख रुपये तक का इलाज पहले की तरह आयुष्मान योजना के तहत होगा, जबकि 5 लाख से 15 लाख रुपये तक के अतिरिक्त इलाज का खर्च झारखंड सरकार उठाएगी. इससे कैंसर, हार्ट सर्जरी, किडनी ट्रांसप्लांट और अन्य महंगे इलाज कराने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी.

 

झारखंड में सामाजिक-आर्थिक व जातीय जनगणना (SECC-2011) के आधार पर 28,05,753 ग्रामीण और शहरी परिवार इस योजना का लाभ ले रहे हैं. यह केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त योजना है, जिसमें कुल प्रीमियम का 60 प्रतिशत केंद्र सरकार और 40 प्रतिशत राज्य सरकार देती है.

 

सरकार ने जारी 110 करोड़ रुपये में से 68.20 करोड़ रुपये सामान्य शहरी स्वास्थ्य सेवाओं (एलोपैथी), 28.60 करोड़ रुपये जनजातीय क्षेत्र उपयोजना और 13.20 करोड़ रुपये अनुसूचित जाति विशेष घटक योजना के लिए आवंटित किए हैं.

 

योजना का संचालन झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी, रांची करेगी. सरकार ने मौजूदा बीमा कंपनी की सेवा अवधि भी 10 फरवरी 2027 तक बढ़ा दी है. पूरी राशि सोसाइटी के नामकुम स्थित खाते में एकमुश्त भेजी जाएगी, ताकि लाभुकों को इलाज में किसी तरह की परेशानी न हो.

 

सरकार का कहना है कि स्वास्थ्य बीमा की सीमा 15 लाख रुपये होने से गंभीर बीमारियों का इलाज कराने वाले गरीब परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी और उन्हें समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी.

 

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही