Ranchi News : शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान जारी है. सोमवार को निगम की इंफोर्समेंट टीम ने शैक्षणिक संस्थानों के आसपास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की. इस दौरान विमेंस कॉलेज के साइंस ब्लॉक के पास सड़क किनारे बनी 10 अस्थाई संरचनाओं को हटाया गया और दो ठेले जब्त किए गए. वहीं, सेंट जेवियर्स कॉलेज, सर्कुलर रोड के सामने भी अतिक्रमण हटाया गया. यहां से तीन काउंटर, दो टेबल समेत अन्य सामान जब्त किए गए.
रोड साइड वेंडर्स को हटाया
निगम की टीम ने दोनों स्थानों पर सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाने वाले वेंडर्स को हटाया. सड़क और पैदल चलने के रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराया गया. निगम ने कहा कि कार्रवाई से कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी.
दोबारा अतिक्रमण किया तो होगी सख्त कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने संबंधित लोगों को चेतावनी दी कि सड़क, फुटपाथ या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर दोबारा अतिक्रमण करने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. निगम ने कहा कि अतिक्रमण हटाने का उद्देश्य सिर्फ कब्जा हटाना नहीं, बल्कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित माहौल और पैदल यात्रियों के लिए सुगम रास्ता उपलब्ध कराना है.
निगम ने दुकानदारों और आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे और लोगों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

