Ranchi : नीट (NEET) पेपर लीक के खिलाफ देशभर में चल रहे राष्ट्रव्यापी विरोध-प्रदर्शन के तहत आज रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर छात्र-युवा संगठनों और विभिन्न जनसंगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में AISA, AISF, SFI, CPI(M), CPI-ML, CITU, DYFI, AAP, SYS और झारखंड प्रदेश विद्यालय रसोइया संघ के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में सुधार और पेपर लीक मामलों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की.
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नीट पेपर लीक ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है. वर्षों की मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का परीक्षा व्यवस्था से भरोसा टूटता जा रहा है. उनका आरोप था कि बार-बार हो रहे पेपर लीक के मामलों के बावजूद सरकार प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है, जिससे छात्रों में व्यापक आक्रोश है.

प्रदर्शन करते छात्र
प्रदर्शन के दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की भी कड़ी निंदा की गई. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अपनी मांगों को शांतिपूर्ण ढंग से उठा रहे छात्रों पर बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है. उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए.
प्रदर्शन में शामिल संगठनों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की. उनका कहना था कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी सरकार को लेनी चाहिए. साथ ही पेपर लीक की घटनाओं की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई.
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में हुई गड़बड़ियों का असर केवल एक परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे देश की पूरी शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं. छात्रों का कहना था कि वे पारदर्शी, निष्पक्ष और भरोसेमंद परीक्षा प्रणाली चाहते हैं, ताकि मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों के साथ न्याय हो सके.
सभी संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि पेपर लीक के मामलों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और परीक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो देशभर में छात्र आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment