Ranchi: शहर में सड़क संपर्क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अरगोड़ा (पुराना अरगोड़ा चौक) से नया सराय (रिंग रोड) तक भाया पुन्दाग 4-लेन सड़क निर्माण परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. जिला भू-अर्जन कार्यालय, रांची ने इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी है.
यह अधिग्रहण भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 की धारा 19(1) के तहत किया जा रहा है. परियोजना के तहत 6.175 किलोमीटर लंबी 4-लेन सड़क और पुल का निर्माण किया जाएगा. सरकार के अनुसार यह परियोजना सार्वजनिक हित में है और इससे शहर में यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
अधिसूचना के अनुसार, नगड़ी अंचल के चार गांवों की जमीन परियोजना के लिए अधिग्रहित की जाएगी. इसमें ग्राम मुड़मा से लगभग 0.155 एकड़, ग्राम पुन्दाग से लगभग 5.821 एकड़, ग्राम सपारोम से लगभग 1.089 एकड़ और ग्राम टुण्डुल से लगभग 2.206 एकड़ भूमि शामिल है. कुल मिलाकर करीब 9.27 एकड़ जमीन सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित की जाएगी.
प्रशासन ने बताया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने से पहले अधिनियम की धारा 15 के तहत प्रभावित रैयतों और अन्य हितधारकों की आपत्तियां सुनी गईं और उनकी जांच की गई. इसके बाद अंतिम अधिसूचना जारी की गई है.
परियोजना से प्रभावित और विस्थापित होने वाले संभावित परिवारों के पुनर्वास और पुनर्स्थापन के लिए भी आवश्यक क्षेत्र चिन्हित कर लिया गया है. जिला प्रशासन ने कहा है कि संबंधित भू-धारक, रैयत और आम नागरिक भूमि अधिग्रहण योजना का विस्तृत विवरण किसी भी कार्य दिवस पर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, रांची के कार्यालय में जाकर देख सकते हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment